हिण्डौनसिटी। बारिश और तेज हवा के बीच मंगलवार शाम बयाना रोड स्थित आनंद विहार कॉलोनी के पास बिजली की लाइन टूटकर एक साइकिल रिक्शे पर जा गिरी। हादसे में रिक्शा चला रहे 18 वर्षीय अर्जुन बागरिया निवासी भरतपुर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर आसपास के लोग पहुंचे और लाठियों की मदद से बिजली के तार को रिक्शे से दूर किया। इसके बाद अर्जुन को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बारिश और जलभराव के बीच टूटा बिजली का तार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के कारण सड़क किनारे जलभराव था। अर्जुन साइकिल रिक्शे से पानी से बचते हुए सड़क के किनारे से निकल रहा था। इसी दौरान अचानक ऊपर से बिजली की लाइन टूटकर रिक्शे के हैंडल से जा टकराई। तार के संपर्क में आते ही रिक्शे में करंट दौड़ गया और अर्जुन नीचे गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तत्काल विद्युत लाइन को दूर कर उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
छह महीने से हिण्डौन में रहकर कर रहा था काम
परिजनों के अनुसार अर्जुन पिछले करीब छह महीने से हिण्डौन की आनंद विहार कॉलोनी में एक ठेकेदार के पास रहकर कचरा-कबाड़ संग्रहण का काम कर रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसने कम उम्र में ही काम शुरू कर दिया था। बताया गया कि पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करती रही।
परिजनों ने बताया कि अर्जुन करीब आठ साल की उम्र से अपनी बहन के साथ रह रहा था और लगभग 12 वर्ष की उम्र से कबाड़ संग्रहण का काम करने लगा था।
रक्षाबंधन पर बहन को थी भाई के आने की उम्मीद
अर्जुन की बहन रोशनी बागरिया ने बताया कि रक्षाबंधन पर अर्जुन भरतपुर आने वाला था। बहन को उम्मीद थी कि इस बार भाई की कलाई पर राखी बांधेगी, लेकिन त्योहार से पहले ही हादसे की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस भाई के घर लौटने का इंतजार था, उसकी मौत की खबर ने बहन की आंखों में आंसू ला दिए।
मुआवजे की मांग को लेकर पोस्टमार्टम से किया इनकार
बुधवार को भरतपुर से अर्जुन की बहन और अन्य रिश्तेदार हिण्डौन जिला चिकित्सालय पहुंचे। परिजनों ने विद्युत निगम से मुआवजे की मांग को लेकर शुरुआत में पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। बाद में अधिकारियों की समझाइश और नियमानुसार सहायता दिलाने के आश्वासन के बाद नई मंडी थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई।
विद्युत निगम अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी
समाजसेवी विष्णु प्रजापत की मदद से अर्जुन की बहन नई मंडी थाना पहुंची और विद्युत निगम के स्थानीय अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। घटना के बाद दोपहर में विद्युत निगम के अभियंता भी जिला चिकित्सालय पहुंचे और पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
हादसे ने खड़े किए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
बारिश और तेज हवा के दौरान बिजली की लाइन टूटकर सड़क से गुजर रहे युवक पर गिरने की घटना ने विद्युत लाइनों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे में एक युवा जिंदगी खत्म हो गई और रक्षाबंधन से पहले एक बहन अपने भाई को खो बैठी।
💬 Comments